लुधियाना में हिट एंड रन का दर्दनाक अंत, अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल महिला ने तोड़ा दम
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 09:18 AM (IST)
लुधियाना (राज): जी.टी. रोड ढंडारी कलां के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई अज्ञात महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला सड़क पार कर रही थी और एक तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन उसे टक्कर मारकर मौके से रफूचक्कर हो गया।
शिकायतकर्ता शिव शंकर के बयान के अनुसार, बीती 29 अप्रैल को वह किराना का सामान लेने के लिए अपने मोटरसाइकिल पर जी.टी. रोड ढंडारी कलां स्थित जियो पेट्रोल पंप (कंगनवाल कट) के पास जा रहा था। उसी दौरान उसने देखा कि करीब 40 वर्ष की एक अज्ञात महिला पेट्रोल पंप के सामने सड़क पार कर रही थी। तभी एक अज्ञात वाहन के चालक ने अपने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए महिला को सीधी टक्कर मार दी और वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए राजिंदरा अस्पताल, पटियाला रेफर किया गया था। वहां जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए आखिरकार बीती 13 जुलाई को चोटों का ताब न सहते हुए महिला की मौत हो गई।
घटना के संबंध में शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर थाना सहनेवाल की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

