Punjab Roadways की चलती बस हादसे का शिकार, 45 यात्री थे सवार

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 10:42 AM (IST)

पंजाब डेस्कः लुधियाना से जालंधर आ रही पंजाब रोडवेज की बस फिल्लौर के पास हादसे का शिकार हो गई। चलते समय बस का टायर फटने से उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, समय रहते बस पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

एक यात्री गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार हादसा फिल्लौर-गोराया जीटी रोड पर गांव भट्टियां स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल के पास हुआ। हादसे में बस में सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची। घायल यात्री को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल फिल्लौर भेजा गया। वहीं, घटना की जानकारी थाना फिल्लौर पुलिस को भी दे दी गई और बस को आगे की कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया गया।

बस में करीब 45 यात्री थे सवार
बस चालक कुलदीप सिंह ने बताया कि बस लुधियाना से जालंधर जा रही थी और उसमें करीब 45 यात्री सवार थे। उनका कहना है कि वह काफी समय से बस के खराब टायरों की जानकारी अधिकारियों को दे रहे थे और उन्हें बदलने की मांग भी कर चुके थे, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि टायर फटने के बाद उसका हिस्सा बस के अंदर तक आ गया, जिससे बस को भी काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि, समय रहते बस पर नियंत्रण होने से बड़ा हादसा टल गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News