Shan-e-Punjab Express को लेकर बड़ा अपडेट, 5 से 7 अक्तूबर तक यात्रियों को होगी परेशानी

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 09:04 AM (IST)

जालंधर: फगवाड़ा स्टेशन यार्ड में दिव्यांगों के लिए 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज के निर्माण को लेकर 5 से 7 अक्तूबर तक शान-ए-पंजाब का अमृतसर तक संचालन प्रभावित रहेगा। नई दिल्ली से अमृतसर जाने वाली 12497 शान-ए-पंजाब इन तीन दिनों में लुधियाना तक ही चलेगी। वापसी में 12498 अमृतसर-नई दिल्ली भी अमृतसर के बजाय लुधियाना से रवाना होगी।

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार फगवाड़ा जंक्शन यार्ड में कार्य के चलते बिजली एवं यातायात से संबंधित चार ब्लॉक लिए जाएंगे। इसके कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। शान-ए-पंजाब के शॉर्ट टर्मिनेट व शॉर्ट ओरिजिनेट होने से अमृतसर की ओर जाने वाले यात्रियों को इन तीन दिनों में वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा 22429 दिल्ली-जंक्शन-पठानकोट को 5 से 7 अक्तूबर तक फिरोजपुर मंडल में 40 मिनट रोका जाएगा। 11057 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अमृतसर को 3 से 5 अक्तूबर तक 40 मिनट तथा 14623 वाराणसी-छेहरटा और 12549 दुर्ग-शहीद कैप्टन तुषार महाजन को 40 मिनट तक रोका जाएगा। वहीं 22479 नई दिल्ली-लोहियां खास जंक्शन को 6 व 7 अक्तूबर को बदले मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन लुधियाना-फिल्लौर-नकोदर होते हुए लोहियां खास जाएगी और जालंधर सिटी, कपूरथला व सुल्तानपुर लोधी में इसका ठहराव नहीं होगा।वहीं, शान-ए-पंजाब आज भी अपने निर्धारित समय से करीब पौने घंटे की देरी के साथ दोपहर 1.40 के करीब सिटी स्टेशन पहुंची।

पानी के टैंकों व पाइपलाइनों की हो रही जांच

जालंधर सिटी, कैंट, आदि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाले पेयजल की गुणवत्ता को लेकर विशेष जांच की जा रही है। इसके तहत पानी के भंडारण टैंकों और फिल्ट्रेशन टैंकों की निर्धारित समय पर सफाई के साथ उनके ढक्कन और वेंट की भी जांच की जा रही है। जलापूर्ति पाइपलाइनों, नलों और वाल्वों में रिसाव या खराबी मिलने पर उनकी मरम्मत अथवा जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा रहा है। वाटर कूलर और पानी की मशीनों में लगे आर.ओ. फिल्टर आदि की भी नियमित सर्विसिंग की जा रही है। चिकित्सा एवं इंजीनियरिंग विभाग की टीमें समय-समय पर पानी के नमूनों की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही पानी में क्लोरीनीकरण का स्तर भी निर्धारित मानकों के अनुसार जांचा जा रहा है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News