लुधियाना में दिनदहाड़े चोरी की वारदात, घर के ताले तोड़ सोने-चांदी के गहने और नकदी उड़ाई
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 10:28 AM (IST)
लुधियाना (राज): घर के सदस्यों की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाकर मकान का दरवाजा तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत और शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रवीण कुमारी ने बताया कि बीती 18 जुलाई को वह अपने किसी निजी काम के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थी। उसके पति और दोनों बच्चे भी अपने-अपने काम पर गए हुए थे। जब पीड़िता शाम करीब 04:45 बजे वापस घर पहुंची, तो उसने देखा कि घर के मुख्य गेट के साथ लगा लकड़ी का दरवाजा टूटा हुआ था। जब उसने अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और उसमें रखे सोने-चांदी के गहने तथा नकदी गायब थी।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने अपने स्तर पर आसपास पूछताछ और तलाश शुरू की, तो उसे पता चला कि इस चोरी की वारदात को गजिंदर कुमार नाम के व्यक्ति ने अंजाम दिया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चोरी हुए सोने-चांदी के गहनों और कुल नकदी का पूरा ब्योरा (डिटेल) वह बाद में पुलिस को सौंपेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी गजिंदर कुमार के खिलाफ चोरी का मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

