लुधियाना में निंहग सिंहों की बीच सड़क गुंडागर्दी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 01:06 PM (IST)

लुधियाना: लुधियाना के गिल चौक के पास रोड रेज का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि एक सफेद स्विफ्ट कार में सवार युवक को ब्लैक फॉर्च्यूनर में आए 5 से अधिक निहंग सिंहों ने रास्ता रोककर लाठी-डंडों और बेसबॉल बैट से हमला कर घायल कर दिया। हमलावरों ने युवक की कार के शीशे भी तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए। घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है।

पीड़ित कमलप्रीत सिंह, जो जनता नगर का रहने वाला है, ने बताया कि 5 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह सामान लेकर घर लौट रहा था। गिल चौक के पास उसकी कार की दूसरी गाड़ी से हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद दूसरी गाड़ी में सवार लोग उसकी कार के आगे आकर रुक गए और कथित तौर पर उसे जबरन बाहर निकालकर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार हमले में उसके कान और पैर पर गंभीर चोटें आईं, जिन पर तीन-तीन टांके लगे हैं। हमलावरों ने उसकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि ब्लैक फॉर्च्यूनर स्विफ्ट कार का रास्ता रोकती है। इसके बाद उसमें से कई लोग उतरकर कार चालक को बाहर निकालते हैं और उसके साथ मारपीट करते हैं। कुछ लोग कार के शीशे तोड़ते भी दिखाई देते हैं।

कमलप्रीत का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उसने मेडिकल करवाकर थाना मॉडल टाउन में शिकायत दी थी। हालांकि, 15 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News