Ludhiana में गुंडागर्दी का नंगा नाच, कपड़ा कारोबारी पर जानलेवा हमला, किया लहुलुहान
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 08:51 PM (IST)
लुधियाना: बस्ती जोधेवाल इलाके में स्थित ई-रिक्शा एजेंसी में कपड़ा कारोबारी के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एजेंसी के अंदर बातचीत के दौरान विवाद के बाद करीब 20 से 25 लोगों ने कारोबारी पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान दलीप ग्रोवर के रूप में हुई है। वह शिगार सिनेमा के पास रणजीत सिंह पार्क के रहने वाले हैं और कपड़े का कारोबार करते हैं।
दलीप ग्रोवर के मुताबिक, उनके एक दोस्त ने बस्ती जोधेवाल स्थित ‘A to Z’ ई-रिक्शा एजेंसी से ई-रिक्शा खरीदा था। उनका कहना है कि ई-रिक्शा की पूरी पेमेंट की जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद एजेंसी की ओर से सिक्योरिटी चेक वापस नहीं किए जा रहे थे। पिछले करीब 15 दिनों से एजेंसी से जुड़े लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। जब भी वह सिक्योरिटी चेक वापस लेने के लिए एजेंसी जाते, उन्हें कोई न कोई तारीख या समय देकर वापस भेज दिया जाता।
इसी सिलसिले में दलीप अपने दोस्त के साथ दोपहर के समय एजेंसी पहुंचे थे। वहां सिक्योरिटी चेक वापस लेने को लेकर बातचीत के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते करीब 20 से 25 लोग वहां इकट्ठा हो गए और उन्होंने दलीप के साथ मारपीट शुरू कर दी। घायल का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल कारोबारी ने पुलिस से मामले की शिकायत करते हुए 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

