Ludhiana में ऑटो सवार रहें सावधान, बीच रास्ते में आप भी हो सकते हैं शिकार, पढ़ें...

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 09:09 AM (IST)

लुधियाना (राज): शहर में ऑटो रिक्शा में सवारियों को बैठाकर उनके कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाला शातिर गिरोह सक्रिय है। समराला चौक से ऑटो रिक्शा में सवार हुए एक व्यक्ति की जेब से ऑटो में पहले से मौजूद बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन चुरा लिया और वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़ित को पुलिस स्टेशन के पास ही उतारकर फरार हो गए।

शिकायतकर्ता अरविंदर सिंह ने बताया कि बीते 25 जुलाई को वह समराला चौक से नीचली मंगली जाने के लिए एक ऑटोरिक्शा में सवार हुआ था। उस ऑटो में पहले से ही तीन व्यक्ति मौजूद थे, जिनमें से दो व्यक्ति पीछे की सीट पर और एक चालक के साथ आगे बैठा हुआ था। सफर के दौरान पीछे की सीट पर बैठे संदिग्धों में से किसी एक ने बड़ी चालाकी से पीड़ित की जेब में रखा उसका मोबाइल  चुरा लिया। मोबाइल चोरी करने के तुरंत बाद आरोपियों ने ऑटो को आगे बढ़ाया और थोड़ी ही दूरी पर चंडीगढ़ रोड पर स्थित थाना डिवीजन नंबर-7 के पास ऑटो से नीचे उतार दिया और तेजी से ऑटो भगाकर मौके से रफूचक्कर हो गए। उतरने के बाद जब पीड़ित ने जेब संभाली तो उसका फोन गायब था।

थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक और उसके साथियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समराला चौक से लेकर चंडीगढ़ रोड तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ऑटो के नंबर और उसमें सवार संदिग्धों की पहचान की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News