Ludhiana में बेखौफ घूम रहे झपटमार, सैर कर लौट रही महिला को बनाया निशाना
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 10:39 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर के शिवपुरी रोड इलाके में बेखौफ घूम रहे झपटमारों द्वारा सैर कर घर लौट रही एक बुजुर्ग/महिला को निशाना बनाया। बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने महिला के कान से करीब 8 ग्राम वजनी सोने की बाली झपट ली और मौके से फरार हो गए। अंकुर शर्मा की शिकायत के आधार पर थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में पीड़िता के बेटे ने बताया कि वह अपने घर पर मौजूद था। उसी दौरान उसकी मां सैर पूरी करके वापस घर लौट रही थीं। जब मां मछली मार्केट पुली, शिवपुरी रोड के पास पहुंची, तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक आए। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए अपने मुंह पर परना बांध रखा था। आरोपियों ने अचानक पीड़िता के पास मोटरसाइकिल धीमी की और झपट्टा मारकर उसके कान में पहनी हुई सोने की बाली (वजन करीब 08 ग्राम) जबरन खींच ली।
बाली छीनने के बाद आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

