Ludhiana में दबंगों के बेखौफ हौसलों: पहले घर पर ईंटो से किया जानलेवा हमला, फिर अस्पताल पहुंच किया लहुलूहान

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 09:15 AM (IST)

लुधियाना (राज): शहर में दबंगों के बेखौफ हौसलों और गुंडागर्दी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले एक घर पर ईंटों से हमला कर युवक को घायल कर दिया और जब पीड़ित परिवार उसका इलाज कराने सिविल अस्पताल पहुंचा, तो वहां भी आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर पिस्टल के बट से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने सोने की चैन और नकदी भी छीन ली और जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित (शिकायतकर्ता) रोहित कुमार ने बताया कि बीती 22 जुलाई को सुबह करीब 10:00 बजे आरोपियों ने उनके मामा संजीव कुमार के घर पर अचानक ईंटें मारनी शुरू कर दीं। इस अचानक हुए हमले में उनका ममेरा भाई गुरप्रीत जैन गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने बताया कि जब वह अपने घायल भाई गुरप्रीत का इलाज और मेडिकल करवाने के लिए उसे सिविल अस्पताल लेकर आया, तो आरोपी वहां पहले से ही मौजूद थे। आरोपियों ने अस्पताल परिसर में ही उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ मारपीट व घूंसे मारने शुरू कर दिए।

 इसी दौरान आरोपी चमकौर ने हनी की जेब (डब्ब) में रखी पिस्टल निकाली और पिस्टल के बट से पीड़ित की बाईं आंख के भौंह (आइब्रो) के ऊपर सीधा वार कर दिया, जिससे पीड़ित खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के गले में पहनी सोने की चैन तोड़कर छीन ली और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने टूटे मोबाइल के कवर में रखे 3,750 रुपये निकाल लिए और जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर नामजद आरोपियों चमकौर, हनी व आधा दर्जन से अधिक उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News