Ludhiana में बेखौफ बदमाश, पहले परिवार को घर में किया बंद और फिर...
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 01:01 PM (IST)
लुधियाना(राज): इलाके में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस देखने को मिला है, जहां देर रात बदमाशों ने हिम्मत सिंह नगर इलाके के एक घर के बाहर खड़ी वरना कार को आग के हवाले कर दिया।
वारदात को अंजाम देने से पहले शातिर आरोपियों ने घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि अंदर मौजूद परिवार का कोई भी सदस्य बाहर न आ सके। इसके बाद आरोपियों ने कार का शीशा तोड़कर उसमें पेट्रोल छिड़का और आग लगाकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी खौफनाक वारदात इलाके में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई है।
CCTV फुटेज के अनुसार गुरुवार देर रात एक्टिवा पर सवार होकर आए दो युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। वे सीधे घर के बाहर पहुंचे और सबसे पहले मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया। इसके तुरंत बाद उन्होंने कार का शीशा तोड़कर उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। कार मालिक मनप्रीत सिंह ने आपबीती बताते हुए कहा कि घटना के समय उनका पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था।
बदमाशों ने सोची-समझी साजिश के तहत बाहर से दरवाजे को ताला लगा दिया था, जिसके कारण वे तुरंत बाहर नहीं निकल सके। जब तक परिवार के सदस्य किसी तरह मशक्कत कर बाहर आए, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस वारदात के बाद से इलाके के निवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

