Ludhiana: घर से काम पर निकले युवक का पार्क मिला श/व, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 11:42 AM (IST)
लुधियाना (राज): मेयर के वार्ड के अधीन आते इलाके बंदा बहादुर सिंह नगर स्थित एक पार्क में शनिवार सुबह युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनी (21) के रूप में हुई है, जो सुखदेव नगर इलाके में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। पार्क में शव मिलने की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने मौत के कारणों पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक की बहन मोनिका ने रोते हुए बताया कि उसका भाई मनी शुक्रवार सुबह अपनी मां से यह कहकर निकला था कि वह दिहाड़ी मजदूरी करने जा रहा है। आमतौर पर वह दोपहर करीब 1 बजे तक काम खत्म करके घर लौट आता था। लेकिन जब वह देर शाम तक घर नहीं पहुंचा, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। मोनिका ने बताया कि मनी के पास कोई मोबाइल फोन नहीं था, जिससे उससे संपर्क नहीं हो पाया। इसके अलावा परिवार को यह भी जानकारी नहीं थी कि वह किस ठेकेदार या व्यक्ति के साथ काम पर गया था। रातभर परेशान परिवार ने त्रिकोणी पार्क और आसपास की गलियों में मनी की तलाश की। किसी ने इलाके में एक युवक को देखे जाने की बात कही थी, लेकिन काफी ढूंढने पर भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह परिजनों को बंदा बहादुर सिंह नगर के पार्क में मनी का शव पड़े होने की सूचना मिली।
बहन ने साफ किया कि उसके भाई को किसी भी तरह के भारी नशे की लत नहीं थी। वह केवल कभी-कभार बीड़ी पीता था और सीधे स्वभाव का लड़का था। मनी की न तो किसी से कोई दुश्मनी थी और न ही वह किसी गलत संगति में रहता था। ऐसे में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना टिब्बा की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मनी पार्क तक कैसे पहुंचा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

