लुधियाना में महज 4 मिनट में दुकान साफ, CCTV ने खोली शातिर चोरों की पोल
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 08:51 AM (IST)
लुधियाना (राज): औद्योगिक शहर में बेखौफ घूम रहे चोर-उचक्कों के बुलंद हौसलों और पुलिस की लचर कार्यप्रणाली से निराश आम जनता का कानून व्यवस्था से विश्वास उठता जा रहा है। दुगरी इलाके में गुरुद्वारा श्री दमदमा साहिब के पास बदमाशों ने महज 4 मिनट में एक दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखा कैश चोरी कर लिया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित दुकानदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से साफ इनकार कर दिया है।
पीड़ित दुकानदार नीटू ने बताया कि उनकी दुकान दुगरी स्थित गुरुद्वारा श्री दमदमा साहिब के पास है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, बीते 7 अगस्त की सुबह करीब 5:05 बजे बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर दो अज्ञात चोर दुकान के बाहर पहुंचे। दोनों आरोपियों ने पहले आसपास का जायजा लिया और फिर अपने साथ लाए भारी सबल से दुकान का शटर बीच से उखाड़ दिया। इसके बाद चोर दुकान में दाखिल हुए और गल्ले में पड़े करीब 15 हजार रुपये कैश समेट कर सुबह 5:09 बजे (महज 4 मिनट के भीतर) एक्टिवा पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए।
चोरी की घटना के बाद जब पीड़ित नीटू से पुलिस शिकायत दर्ज करवाने के बारे में पूछा गया, तो उनका जवाब स्थानीय पुलिस प्रशासन के दावों की पोल खोलने वाला था। नीटू ने कहा कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई करने और चोरों को पकड़ने के बजाय उल्टा शिकायतकर्ता को ही बार-बार थानों के चक्कर कटवाकर परेशान करती है। चोरी की वारदातों के बीच पीड़ित दुकानदार द्वारा शिकायत दर्ज न कराना पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली और आम जनता में घटते विश्वास को दर्शाता है। हालांकि, घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब देखना यह होगा कि पुलिस खुद संज्ञान लेकर चोरों के खिलाफ क्या कार्रवाई अमल में लाती है।

