लुधियाना में ऑटो एजेंसी में गुंडागर्दी! चेक वापस मांगने गए 3 लोगों को बंधक बनाकर पीटा, पढ़ें...

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 09:56 AM (IST)

लुधियाना (राज): बस्ती जोधेवाल चौक स्थित एक ऑटो एजेंसी में व्यावसायिक लेन-देन के चेक वापस मांगने गए व्यक्ति को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने और उनसे लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो एजेंसी के संचालको के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता शक्ति डाबी ने बताया कि वह अपने साथियों दलीप ग्रोवर और मिथलेश कुमार के साथ बस्ती जोधेवाल चौक स्थित 'A to Z ऑटो एजेंसी' में गया था। पीड़ितों के अनुसार, मिथलेश कुमार ने एजेंसी संचालकों से अपने पहले दिए हुए चेक वापस लेने थे। इसी सिलसिले में जब उन्होंने एजेंसी में मौजूद आरोपियों से चेक लौटाने की बात की, तो आरोपी भड़क गए और बहस करने लगे। बातचीत के दौरान माहौल इतना बिगड़ गया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता, दलीप ग्रोवर और मिथलेश कुमार को एजेंसी के अंदर ही बंद कर दिया और उन्हें बंधक बना लिया। 

इसके बाद आरोपियों ने तीनों के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने गुंडागर्दी की सारी हदें पार करते हुए पीड़ितों से उनका मोबाइल फोन छीन लिया। गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और कान की सोने की वाली जबरन उतार ली। आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ितों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। शिकायतकर्ता के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों आबिद अंसारी, लाखन कुमार और कसूर आलम के खिलाफ केस दर्ज किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News