ओ तेरी! लड़की का 'नशा कारोबार' कैमरे में कैद, VIDEO वायरल होते ही मचा हड़कंप
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 11:35 AM (IST)
लुधियाना, (राज): शहर के ताजपुर रोड इलाके से नशे के काले कारोबार का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवती खुलेआम सड़क पर कुछ युवकों को नशा बेचती और उनसे पैसे लेती साफ दिखाई दे रही है। यह वीडियो सड़क के दूसरी तरफ खड़े एक राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ताजपुर रोड इलाके से नशा बेचने की वीडियो सामने आने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार यहां से सरेआम नशा तस्करी के वीडियो वायरल हो चुके हैं। हालांकि पुलिस कुछ मामलों में कार्रवाई करती है, लेकिन कई शिकायतें महज कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाती हैं, जिससे तस्करों के हौसले बुलंद हैं।
एसीपी रमंदीप कुमार ने जारी किया वीडियो संदेश, पहचान जारी
वीडियो वायरल होने के बाद लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर एसीपी रमंदीप कुमार ने एक वीडियो संदेश जारी कर प्रतिक्रिया दी है। उन्होनेे आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि पुलिस इस इलाके में नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। अब तक ताजपुर रोड और आसपास के क्षेत्र में नशा तस्करी के 14 मुकद्दे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 3 नशा तस्करों से कमर्शियल क्वांटिटी नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे। एसीपी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी युवती और नशा खरीदने आए युवकों की पहचान की जा रही है। पहचान होते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

