Ludhiana में GST मोबाइल विंग की बड़ी कार्रवाई, प्लास्टिक कारोबारी गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 02:45 PM (IST)
लुधियाना (गौतम): शहर में जीएसटी विभाग की मोबाइल विंग ने टैक्स चोरी के आरोप में एक प्लास्टिक कारोबारी को काबू किया है। जानकारी के अनुसार विभाग की टीम ने कारोबारी को बयान दर्ज कराने के बहाने कार्यालय बुलाया था, जहां अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया।
350 करोड़ रुपए की बोगस बिलिंग का मामला
सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान करीब 350 करोड़ रुपए की बोगस बिलिंग का मामला सामने आया है, जिससे लाखों रुपए की टैक्स चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। विभाग पिछले काफी समय से इस मामले की जांच कर रहा था। बताया जा रहा है कि कारोबारी की फैक्ट्री दोराहा के पास राजगढ़ इलाके में स्थित है, जहां प्लास्टिक सामान का कारोबार किया जाता था।
प्लास्टिक कारोबारियों में हड़कंप
कारोबारी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही प्लास्टिक कारोबारियों में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

