Fraud Case : UK भेजने के नाम पर इंग्लैंड में रह रही 2 महिलाओं सहित 4 नामजद

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 02:42 PM (IST)

फरीदकोट (राजन): यू.के. भेजने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के दो अलग-अलग मामलों में थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने इंग्लैंड में रह रही दो महिलाओं समेत चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों मामलों में आरोपियों पर कुल 58 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप हैं। शिकायतों की जांच के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में धर्मकोट (जिला मोगा) निवासी कुलदीप कौर, संजीव सेठी, बिक्रमजीत संधू, करमजीत कौर और राज कौर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें यू.के. भेजने का भरोसा देकर अलग-अलग समय पर कुल 51 लाख 50 हजार रुपये वसूल लिए, लेकिन न तो उन्हें विदेश भेजा गया और न ही उनकी रकम वापस की गई।

शिकायत के अनुसार कुलदीप कौर से 7 लाख रुपये, संजीव सेठी से 14 लाख रुपये, बिक्रमजीत संधू से 6 लाख रुपये और 500 पाउंड, करमजीत कौर से 14 लाख रुपये तथा राज कौर से 10 लाख 50 हजार रुपये लिए गए। दूसरे मामले में गांव पहलूवाला निवासी सुच्चा सिंह ने आरोप लगाया कि उसके बेटे को यू.के. भेजने का झांसा देकर उससे 7 लाख रुपये लिए गए, लेकिन न तो वीजा लगवाया गया और न ही रकम लौटाई गई।

जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पहले मामले में गुरशरण कौर पत्नी पुष्पिंदर सिंह (हाल निवासी इंग्लैंड), कुलदीप कौर पत्नी अजयपाल सिंह (जर्मन कॉलोनी, फरीदकोट, वर्तमान निवासी इंग्लैंड) तथा अनोख सिंह पुत्र इंदर सिंह निवासी डोगर बस्ती, फरीदकोट को नामजद किया है। वहीं दूसरे मामले में गुरशरण कौर पत्नी पुष्पिंदर सिंह (हाल निवासी इंग्लैंड) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से लोगों को विदेश भेजने के नाम पर अपने झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी की। थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News