दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार गाड़ी ने 4 कांवड़ियों को कुचला, 3 की मौके पर मौ+त

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 02:02 PM (IST)

फतेहगढ़ साहिब: सरहिंद जी.टी. रोड पर दादा मोटर के पास बीती रात करीब 2:15 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में 3 कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में गंगोत्री (उत्तराखंड) से पवित्र जल लेकर कोटकपूरा शहर लौट रहे तीन कांवड़ियों की जान चली गई।

मृतकों की पहचान महेंद्रपाल, दीपक और जगदीश मित्तल के रूप में हुई है, जो जिला फरीदकोट के रहने वाले थे। वहीं हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस संबंध में जानकारी देते हुए जगसीर सिंह ने बताया कि बीती रात करीब 2 बजे 6 कांवड़िए पवित्र जल लेकर सरहिंद जी.टी. रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक गाड़ी ने आगे चल रहे 4 कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 3 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की जांच कर रहे थाना सरहिंद के सहायक थानेदार तिलक राज ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News