5 करोड़ की हैरोइन समेत 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, May 04, 2019 - 09:43 AM (IST)

खन्ना(सुनील): पुलिस जिला खन्ना के नए एस.एस.पी. गुरशरणदीप सिंह ग्रेवाल के कार्यभार संभालने के 24 घंटे के भीतर ही उनके मार्गदर्शन में पुलिस की एक टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1 किलो हैरोइन समेत 2 तस्करों को काबू किया। अंतर्राष्ट्रीय मार्कीट में हैरोइन की कीमत 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। दोनों कथित आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई आरंभ कर दी गई थी। जानकारी के अनुसार कथित आरोपियों में से एक दिल्ली तथा दूसरा मिजोरम का रहने वाला है। दोनों पंजाब में हैरोइन सप्लाई का धंधा काफी समय से करते थे। खन्ना पुलिस ने इन पर ट्रैप लगाया और दोनों को उस समय काबू किया जब वे कार में दिल्ली से लुधियाना की तरफ जा रहे थे। कार को शक के आधार पर खन्ना में नाके पर रोका गया। तलाशी लेने पर कार में से एक किलो हैरोइन बरामद हुई, जो लिफाफे में लपेटकर छिपाई हुई थी।

एस.एस.पी. ने मनवाया काबलियता का लोहा
वहीं इस मामले में खन्ना के नए एस.एस.पी. गुरशरणदीप सिंह ग्रेवाल ने एक बार फिर से अपनी काबलियता का लोहा मनवाते हुए नशा तस्करों को संदेश दिया है कि वे अपना गोरखधंधा छोड़कर मुख्य धारा में वापस आ जाएं, वरना उनका भी यही हाल होगा, जो इन तस्करों का हुआ है। एस.एस.पी. ग्रेवाल विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी काबलियता का लोहा मनवा चुके हैं। इसी के चलते पंजाब सरकार की तरफ से उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है। 


मिजोरम से हवाई यात्रा कर पहुंचे थे दिल्ली
दोनों कथित आरोपी बड़े शातिर हैं। वे अकसर मिजोरम में छिपे रहते थे और सप्लाई देने दिल्ली आ जाते थे। इस बार भी वे हैरोइन की खेप देने दिल्ली आए थे। पहले वे मिजोरम से हवाई यात्रा करके दिल्ली आए। दिल्ली से कार के माध्यम से खन्ना से निकलने लगे तो इन्हें नाके पर दबोच लिया गया।

क्या कहते हैं एस.एच.ओ.
सदर थाना के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर अनवर अली से बातचीत की गई तो उन्होंने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हैरोइन जरूर पकड़ी है, लेकिन अभी केस दर्ज करने को काफी समय लगेगा। केस दर्ज किए जाने से पहले कोई भी जानकारी सांझी नहीं की जा सकती।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News