सोशल मीडिया पर लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर करती थे घिनौना कांड, 4 महिलाओं सहित 6 गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 02:37 PM (IST)

पटियाला (बलजिंदर): सी.आई.ए. स्टाफ पुलिस ने इंचार्ज इंस्पैक्टर प्रदीप सिंह बाजवा के नेतृत्व में एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पहले भोले-भाले लोगों को सोशल मीडिया और अन्य एप्लीकेशनों के जरिए अपने प्रेम जाल में फंसाता था। जब दोस्ती आगे बढ़ जाती थी तो उन्हें शारीरिक संबंध बनाने के बहाने एक तय जगह पर बुलाया जाता था। वहां उनके कपड़े उतरवाकर अचानक अपने पुरुष साथियों को बुलाया जाता और उनकी वीडियो भी बना ली जाती थी। इसके बाद सामाजिक बदनामी या वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर उनसे पैसे और अन्य सामान ऐंठे जाते थे।

इसकी पुष्टि करते हुए सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज इंस्पैक्टर प्रदीप सिंह बाजवा ने बताया कि इस मामले में 4 महिलाओं और 2 पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में राज कौर, हरलीन, गगनदीप, रविंदर कौर, हरभजन सिंह और लखविंदर सिंह शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एस.एस.पी. वरुण शर्मा और डी.एस.पी. सुखअमृत सिंह रंधावा के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों से एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। गिरोह के दोनों पुरुष सदस्यों से पुलिस के 2 फर्जी आई.डी. कार्ड भी बरामद हुए हैं। चारों महिलाएं पहले जिन लोगों को अपने प्रेम जाल में फंसाती थीं, उन्हें शारीरिक संबंध बनाने के बहाने अपनी बताई हुई जगह पर बुलाती थीं।

जैसे ही व्यक्ति अपने कपड़े उतारता था, उसकी आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो बना ली जाती थी। इसके बाद दोनों पुरुष आरोपी अचानक मौके पर पहुंच जाते थे और अवैध हथियार तथा पुलिस के आई.डी. कार्ड दिखाकर साजिश का शिकार हुए व्यक्ति से पैसे और गहने आदि ले लेते थे। इसके बाद उसे डरा-धमकाकर और पैसे लाने के लिए मजबूर किया जाता था। साजिश का शिकार हुए व्यक्ति से गूगल पे या पेटीएम आदि के जरिए पैसे अपने परिचितों के खातों में डलवाए जाते थे और फिर ए.टी.एम. के जरिए निकाल लिए जाते थे। इंस्पैक्टर बाजवा ने बताया कि अब तक यह गिरोह कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पीड़ित व्यक्ति सामाजिक और पारिवारिक इज्जत के कारण इस मामले में सामने नहीं आते थे, जिसका यह गिरोह फायदा उठा रहा था।

इस गिरोह का शिकार हुआ कोई भी व्यक्ति सी.आई.ए. पटियाला आकर रिपोर्ट दर्ज करवाए : इंस्पैक्टर बाजवा

सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बाजवा ने कहा कि यदि इस गिरोह का कोई भी व्यक्ति पीड़ित है तो वह तुरंत सी.आई.ए. स्टाफ आकर रिपोर्ट दर्ज करवाए। पीड़ित को पूरा न्याय दिलाया जाएगा। पीड़ित व्यक्तियों की चुप्पी ही ऐसे गिरोहों की ताकत बन जाती है। यदि लोग सामने आएंगे तो ऐसे गैर-सामाजिक तत्व भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति को अपनी साजिश का शिकार नहीं बना सकेंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News