7वीं कक्षा के Student ने उठाया खौफनाक कदम, मंजर देख पिता के पैरों तले खिसकी जमीन
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 07:04 PM (IST)
लुधियाना (राज/गणेश/सचिन): टिब्बा रोड स्थित रॉयल कॉलोनी में एक 13 वर्षीय मासूम द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। 7वीं कक्षा में पढ़ने वाले रवि की मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। बताया जा रहा है कि, 4 भाइयों में रवि सबसे छोटा था और जैन पब्लिक स्कूल का छात्र था। रवि पढ़ाई में काफी होनहार बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के पिता गंगाराम, जो स्टीम प्रेस का काम करते हैं, ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे जब वह काम से घर लौटे तो रवि बाहर खेल रहा था। उस वक्त रवि ने उनसे अपना मोबाइल खराब होने का जिक्र भी किया था। पिता को क्या मालूम था कि यह उनके बेटे के आखिरी शब्द होंगे। पिता जब कुछ देर के लिए घर से बाहर किसी काम के लिए निकला, तो पीछे से रवि ने कमरे के अंदर जाकर लोहे की पाइप के सहारे फंदा लगा लिया। जब पिता वापस आए और कमरा अंदर से बंद पाया, तो उन्हें अनहोनी का शक हुआ। दरवाजा तोड़ने पर अंदर का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पिता ने देखा कि रवि फंदे से झूल रहा था। उन्होंने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक रवि की सांसे थम चुकी थीं। गहरे सदमे के कारण पिता रात भर बेटे के शव के पास बैठा रहा और सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि रवि की मां कुछ दिन पहले ही गांव गई थी। उन्होंने रवि को साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन रवि ने यह कहकर मना कर दिया कि उसके पेपर आने वाले हैं और वह घर पर रहकर पढ़ाई करना चाहता है। जो बच्चा अपनी पढ़ाई को लेकर इतना संजीदा था, उसने मौत को गले क्यों लगा लिया, यह सवाल हर किसी को झकझोर रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है ताकि आत्महत्या के असल कारणों का पता लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

