WhatsApp Call से शुरू हुई दोस्ती, फिर बिछाया Honeytrap का जाल! लाखों की लूट
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 06:03 PM (IST)
फिरोजपुर (मलहोत्रा) : एक व्यक्ति को हनीट्रैप में फंसा कर उससे अढ़ाई लाख रूपए लूटने का मामला सामने आया है। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने पीढि़त की शिकायत के आधार पर एक महिला एवं उसके 6 सहयोगियों के खिलाफ पर्चा दर्ज करने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एएसआई मलकीत कुमार ने बताया कि गुरमुख सिंह गांव अनारकली ने शिकायत दे बताया कि करीब डेढ़ माह पहले उसके फोन पर किसी महिला ने वॉटसएप कॉल की और बताया कि वह परमिन्द्र कौर रिंपी संधू बोल रही है और गल्ती से कॉल लग गई है। इसके बाद उक्त महिला उसे अनेकों बार फोन करती रही और दोनों में बातचीत होने लगी। उसने बताया कि शनिवार दोपहर उक्त रिंपी संधू ने उसे वॉटसएप कॉल कर सतीएवाला बाईपास के समीप बुला लिया और उसे कोई नशीली वस्तु खिला दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद इसके बाद रिंपी संधू उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले गई जहां उसने उसके कपड़े उतार कर उसकी फोटो एवं वीडियो बनाईं। इसके बाद पूरे योजनाबद्ध ढंग से उसने अपने साथियों दविन्द्र सिंह गांव रहीमेके, गगन, मनदीप और 3 अज्ञात लोगों को वहां बुला लिया ओर उसे डरा धमका कर 10 लाख रूपए की मांग करने लगे।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बदनामी के डर से पैसे देना मान लिया और उसी वक्त 50 हजार रूपए दविन्द्र सिंह के नंबर पर डाल दिए। इसके बाद उसने अपने रिश्तेदार गुरजंट सिंह ने दो लाख रूपए मंगवा कर आरोपियों को दिए जिसके बाद वह उनके चंगुल से निकला ओर पुलिस को सूचित किया। एएसआई ने बताया कि बयानों के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

