रेलवे विभाग का बड़ा कदम, डडविंडी के दो पुराने फाटक होंगे इलेक्ट्रिक
punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2026 - 12:49 PM (IST)
सुल्तानपुर लोधी (धीर): उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल की ओर से रेलवे फाटकों को आधुनिक तकनीक से लैस करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत गांव डडविंडी के दो पुराने मैनुअल रेलवे फाटकों को इलैक्ट्रिक प्रणाली में बदलने का काम युद्धस्तर पर जारी है। हालांकि पिछले करीब 15 दिनों से चल रहे इस अपग्रेडेशन कार्य के बावजूद इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद लगाए बैठे क्षेत्रवासियों को अभी कुछ और समय इंतजार करना पड़ सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डडविंडी-मोठांवाला रोड पर स्थित रेलवे फाटक नंबर सी-40 और डडविंडी-ताशपुर रोड मोड़ पर स्थित फाटक नंबर सी-41 को मैनुअल से इलेक्ट्रिक प्रणाली से जोड़ने के लिए रेलवे विभाग की ओर से काम शुरू किया गया है। दोनों फाटकों पर तकनीकी अपग्रेडेशन की प्रक्रिया लगातार जारी है।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि रेलवे विभाग की ओर से यह काम दिवाली के त्योहार से पहले पूरा कर लिया जाएगा, ताकि लोगों को आधुनिक प्रणाली का लाभ मिल सके लेकिन मौके पर चल रहे काम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों फाटकों का अपग्रेडेशन दिवाली के बाद ही पूरा हो सकेगा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय की जरूरत के अनुसार पुराने मैनुअल फाटकों को आधुनिक इलेक्ट्रिक प्रणाली में बदलना रेलवे विभाग का सराहनीय कदम है।

