पंजाब का यह बंद रेलवे स्टेशन खोने लगा पहचान, नशेड़ियों के जमावड़े की आशंका, तस्वीरें खोल रही पोल
punjabkesari.in Saturday, Nov 07, 2026 - 01:15 PM (IST)
सुल्तानपुर लोधी (धीर): गांव डडविंडी का रेलवे स्टेशन पिछले करीब 6 महीनों से बंद पड़ा होने के कारण बदहाली के दौर से गुजर रहा है। कभी रेल यात्रियों की आवाजाही से गुलजार रहने वाला यह स्टेशन आज देखभाल और सफाई की कमी के कारण अपनी पहचान खोता जा रहा है। स्टेशन के आसपास उगी घास-फूस, बंद पड़े कमरे और बुनियादी सुविधाओं का अभाव इसकी बदतर हालत को बयां कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों द्वारा यहां नशेड़ियों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां होने की आशंका जताई जा रही है।

स्टेशन के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि लंबे समय से स्टेशन बंद पड़े होने के कारण यहां किसी भी तरह की नियमित निगरानी नहीं हो रही। खासकर रात के समय स्टेशन के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों का आना-जाना देखने को मिलता है। लोगों के अनुसार कथित तौर पर नशेड़ी किस्म के व्यक्ति भी इस स्थान का इस्तेमाल कर रहे हैं। कुछ स्थानीय निवासियों ने रात के समय युवकों के साथ लड़कियों के भी यहां आने-जाने की बातें बताते हुए स्थिति पर चिंता जताई है।
रेलवे स्टेशन की हालत सुधारने की मांग
स्थानीय लोगों और रोजाना रेलगाड़ियों के माध्यम से सफर करने वाले यात्रियों ने रेलवे विभाग फिरोजपुर के उच्च अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन केवल रेलगाड़ियों के रुकने का स्थान ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन भी है।
74939 ट्रेन का ठहराव बंद होने से यात्रियों में रोष
डडविंडी रेलवे स्टेशन से जुड़ी एक अन्य बड़ी समस्या जालंधर से आने वाली ट्रेन नंबर 74939 का ठहराव बंद होना है।
रेलवे विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया कि यदि रेलवे स्टेशन को चालू रखने के लिए जरूरी प्रबंध ही नहीं किए जाएंगे तो आम लोग रेल यात्रा की सुविधा का लाभ कैसे उठा सकेंगे। लोगों ने रेलवे विभाग फिरोजपुर के डी.आर.एम. और अन्य उच्च अधिकारियों से मांग की है कि डडविंडी रेलवे स्टेशन की मौजूदा स्थिति का तुरंत जायजा लेकर इसे दोबारा सुचारू रूप से चालू करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

