Phagwara : घर में भीषण आग का तांडव, 85 हजार नकदी सहित सामान जलकर राख

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 05:31 PM (IST)

फगवाड़ा : फगवाड़ा के पास स्थित गांव भानोकी में सुबह एक घर में अचानक आग भड़क उठी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

fire incident phagwara

घर के मालिक सुखवंत सिंह ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे उनकी माता रसोई में चाय बनाने के लिए उठीं थीं। उस समय सब कुछ सामान्य था, लेकिन थोड़ी देर बाद घर के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक लोग स्थिति को समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

fire incident

ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग लगातार फैलती रही और घर का अधिकांश सामान जल गया। पीड़ित परिवार के अनुसार इस हादसे में करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। लगभग 85 हजार रुपये नकद और कई जरूरी कागजात भी आग की भेंट चढ़ गए।

fire incident

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग के तांडव की घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। सामने आई वीडियो में ग्रामीणों को घर से सामान बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है। पीड़ित ने बताया कि उनका घर गांव के बाहरी हिस्से में होने के कारण दमकल विभाग की गाड़ी मौके तक नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते स्थानीय लोगों की मदद से ही आग पर काबू पाया गया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News