ऑनलाइन चालान से बचने के लिए शातिरों की नई चाल! अपना रहे नया हथकंडा
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 08:12 PM (IST)
मुल्लापुर दाखा (कालिया) — ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर शातिर वाहन चालकों ने ऑनलाइन चालानों से बचने के लिए अपने वाहनों पर किसी दूसरे वाहन की नंबर प्लेट लगाकर खुद को सुरक्षित रखने की नई चाल चलनी शुरू कर दी है। इस वजह से असली वाहन मालिकों को घर बैठे ही ऑनलाइन चालानों का भुगतान करना पड़ रहा है, जिससे वे काफी परेशान हैं।
लगभग रोजाना स्थानीय ट्रैफिक इंचार्ज परमजीत सिंह के पास कोई न कोई पीड़ित वाहन मालिक पहुंचकर अपनी परेशानी बताता है। लोग कहते हैं कि उन्होंने अपनी गाड़ी कई दिनों या महीनों से घर से बाहर तक नहीं निकाली, फिर भी उनके नाम पर चालान आ गया। इस कारण ट्रैफिक पुलिस भी हैरान और परेशान है।
शातिर वाहन चालक बेखौफ होकर बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और रेड लाइट जंप जैसी ट्रैफिक उल्लंघन की घटनाएं कर रहे हैं। राहगीर भी यह देखकर हैरान रह जाते हैं कि इन्हें ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगाए गए कैमरों का भी कोई डर नहीं है, जबकि अब ऑनलाइन चालान सीधे घर तक पहुंचता है।
अब यह देखने में आ रहा है कि कुछ चालक दूसरों के वाहनों की नंबर प्लेट लगाकर ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं और निर्दोष वाहन मालिकों को परेशानी में डाल रहे हैं।
ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज परमजीत सिंह ने ऐसे कई संदिग्ध नंबर नोट कर रखे हैं और इन शातिर चालकों को पकड़ने के लिए सतर्कता से नजर बनाए हुए हैं। हालांकि जिन वाहन मालिकों के गलत तरीके से चालान कट चुके हैं, उन्हें बेवजह जुर्माना भरना पड़ रहा है। इसलिए उच्च अधिकारियों से मांग की गई है कि ऐसे शातिर वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए और उनके खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएं, ताकि आम वाहन चालक इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार न बनें।

