स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहा था जिस्मफिरोशी का धंधा, 6 थाई युवतियां और मैनेजर गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 06:09 PM (IST)

लुधियाना: लुधियाना पुलिस ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 6 थाई (विदेशी) युवतियों और एक मैनेजर को गिरफ्तार किया है। वहीं, दिल्ली और हरियाणा की 4 युवतियां तथा दो स्पा सेंटर संचालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि खन्ना के सिटी सेंटर स्थित न्यू एरा, डायमंड और रिलैक्स थाई स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर थाना सिटी-2 की पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से तीनों स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की।

रेड के दौरान पुलिस ने छह विदेशी युवतियों और एक मैनेजर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। वहीं, चार अन्य युवतियां और दो स्पा सेंटर संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि स्पा सेंटर संचालकों में से एक हरियाणा के अंबाला का रहने वाला है, जबकि दूसरे संचालक की भी पुलिस तलाश कर रही है। थाना सिटी-2 के प्रभारी इंस्पेक्टर तरविंद्र कुमार बेदी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News