तेज रफ्तार वाहन ने बिजली के खंभे को मारी टक्कर, कई इलाकों की बिजली गुल
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 05:55 PM (IST)
टांडा उड़मुड़ (पंडित): गांव मियाणी में आज सुबह करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर से जा टकराई। हादसे में बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया तथा ट्रांसफार्मर गिर जाने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप गाड़ी का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन गांव मियाणी स्थित आदेश इंटरनेशनल स्कूल के गेट के निकट लगे बड़े ट्रांसफार्मर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया और मियानी में बिजली व्यवस्था ठप्प हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पावरकॉम के जे.ई. गुरबख्श सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस चौकी मियाणी के इंचार्ज राजविंदर सिंह तथा ए.एस.आई. लोक राम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद वाहन चालक पिकअप को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पावरकॉम के अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान से पावर कॉरपोरेशन को लगभग अढ़ाई लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रभावित क्षेत्र में एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। पावरकॉम ने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन की मुरम्मत के लिए ठेकेदारों एवं तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर बुला लिया है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि मुरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच की।

