कलयुगी दामाद की खौफनाक करतूत: डीजल छिड़क कर ससुराल घर को  किया आग के हवाले

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 09:28 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। एक कलयुगी दामाद ने अपनी पुरानी रंजिश और घरेलू कलेश के चलते अपने ही ससुराल के घर को आग के हवाले कर दिया। आरोपी दामाद ने न केवल घर के कीमती सामान पर डीजल छिड़क कर उसे फूंक दिया, बल्कि पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

डीजल से भरी कैनी लेकर ससुराल पहुंचा आशीष तिवारी
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता राज कुमार ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी आरती की शादी आशीष तिवारी (26) के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दामाद का परिवार के साथ झगड़ा रहता था और वह मन में रंजिश रखता था। वारदात वाले दिन 22 अप्रैल को जब शिकायतकर्ता काम पर गया हुआ था, तो पीछे से उसकी पत्नी संगीता ने फोन कर इस खौफनाक घटना की जानकारी दी। संगीता ने बताया कि आशीष तिवारी हाथ में डीजल से भरी एक प्लास्टिक की कैनी लेकर ससुराल पहुंचा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने घर के सामान पर डीजल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। 

इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल
देखते ही देखते घर का काफी कीमती सामान जलकर राख हो गया। चीख-पुकार मचने पर आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देता हुआ वहां से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष तिवारी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की कैनी भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि विवाद की असल जड़ का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News