चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, महिला ने बच्चे को दिया जन्म

punjabkesari.in Wednesday, May 15, 2024 - 06:28 PM (IST)

समराला (गर्ग) : आज सुबह करीब 6 बजे लुधियाना से लखनऊ जा रही चलती ट्रेन में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया, जिसके बाद आपातकालीन स्थिति में मां और बच्चे को समराला के सिविल अस्पताल ले जाया गया।  वहीं,  मां और बच्चें को डॉक्टरों द्वारा आवश्यक चिकित्सा सहायता देने के बाद उच्च उपचार के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोनम (23 वर्ष) जो अपने पति अंकुर के साथ लुधियाना से लखनऊ जाने के लिए इस ट्रेन में चढ़ी थी, जैसे ही ट्रेन कुछ किलोमीटर आगे बढ़ी, 8 महीने की गर्भवती सोनम को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसके बाद गाड़ी में सफर कर रही अन्य महिलाओं ने उनकी देखभाल की और 30 किमी के सफर के दौरान ही समराला से 3 किमी पहले लल्ल कलां स्टेशन पहुंचते-पहुंचते सोनम ने बच्चे को जन्म दे दिया।जैसे ही रेलवे अधिकारियों को पता चला कि महिला ने चलती ट्रेन में बच्चे को जन्म दिया है, स्टेशन मास्टर ने समराला स्टेशन पर एम्बुलेंस बुलाने की व्यवस्था की और जैसे ही ट्रेन समराला स्टेशन पर रुकी, नवजात शिशु और उसकी मां को तुरंत समराला सिविल अस्पताल भेजा गया।

ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रभजोत सिंह ने बताया कि पैदा हुआ बच्चा लड़का है और उसका वजन महज 2 किलो है। समय से पहले जन्मे इस बच्चे का आपातकालीन स्थिति में अस्पताल द्वारा इलाज और टीकाकरण किया गया है। बाद में परिवार के अनुरोध पर  जन्म देने वाली मां और बच्चे को सिविल अस्पताल लुधियाना रेफर कर दिया गया। डॉ. सिंह ने कहा कि  मां तथा उसका बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News