AAP का ''पंजाब मॉडल'' जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला साबित : तरुण चुघ
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 08:10 PM (IST)
चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन चार वर्षों ने साबित कर दिया है कि AAP का तथाकथित “पंजाब मॉडल” केवल झूठे वादों, खोखले दावों और महंगे प्रचार का मॉडल है। चुघ ने कहा कि चार साल पहले पंजाब की जनता से बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई सरकार आज हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
चुघ ने कहा कि AAP ने चुनाव के समय 25 लाख नौकरियों का वादा किया था, चार महीने में नशा खत्म करने का दावा किया था और किसानों को हर फसल पर MSP देने की बात कही थी, लेकिन चार साल बाद भी इन वादों का कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को रोजगार नहीं मिला, बल्कि राज्य में बेरोजगारी और निराशा बढ़ती गई।
चुघ ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 16 मेडिकल कॉलेज, 16,000 मोहल्ला क्लिनिक और बुजुर्गों व विधवाओं के लिए 2,500 रुपये पेंशन देने जैसी घोषणाएँ की थीं, लेकिन ये सभी वादे केवल कागजों और भाषणों तक सीमित रह गए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को विकास नहीं बल्कि केवल विज्ञापन और झूठे दावे मिले हैं।
चुघ ने आरोप लगाया कि AAP सरकार के कार्यकाल में पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ी है। ड्रग्स का कारोबार, गैंगस्टर गतिविधियाँ और उगाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की सरकार राज्य के हितों के लिए नहीं बल्कि अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए काम करती दिखाई दे रही है। पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल राज्य के विकास के बजाय प्रचार और दिल्ली की राजनीति के लिए किया जा रहा है।
चुघ ने कहा कि चार वर्षों में उद्योगों का पलायन, किसानों की परेशानियाँ और युवाओं की बेरोजगारी ने पंजाब की स्थिति को और कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब समझ चुकी है कि आम आदमी पार्टी की सरकार परिवर्तन नहीं बल्कि विनाश लेकर आई है।

