''आप'' के राष्ट्रीय प्रवक्ता की कांग्रेस भवन में विजिट ने छेड़ी नई चर्चा

punjabkesari.in Thursday, Apr 18, 2024 - 11:40 AM (IST)

लुधियाना (विक्की): लंबे समय से अटकी आप लुधियाना की लोकसभा टिकट पर विधायक अशोक पराशर पप्पी के नाम पर मोहर लगते ही आप में अंदरूनी विरोध शुरू होने की जानकारी मिली है। जानकारी मिली है कि आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता अहबाब सिंह ग्रेवाल किसी भी समय झाडू़ का साथ छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। इस बात की चर्चा तब शुरू हुई जब अहबाब ग्रेवाल बुधवार को चंडीगढ़ के सैक्टर 15 में पंजाब कांग्रेस भवन में देखे गए। 

बताया जा रहा है कि ग्रेवाल काफी समय तक कांग्रेस भवन में रहे और उनकी नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग के साथ बंद कमरे में मीटिंग भी हुई है। इस मीटिंग में यूथ कांग्रेस के नेता रूबी गिल भी मौजूद रहे। सूत्र बताते हैं कि लुधियाना लोकसभा सीट पर आप की टिकट पर अहबाब सिंह ग्रेवाल चुनाव लड़ने के इच्छुक थे। इसके लिए उनकी पार्टी लीडरशिप से भी बात हुई थी। लेकिन मंगलवार को विधायक पराशर की टिकट घोषित होते ही ग्रेवाल के समर्थक भी निराश हो गए लेकिन ग्रेवाल ने समर्थकों को 2 दिन तक इंतजार करने को कहा था। इसके अगले ही दिन यानि आज ग्रेवाल के पंजाब कांग्रेस भवन में देखे जाने के बाद उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं शुरू हो गई। 

बता दें कि अहबाब आप की ओर से 2017 में हल्का वैस्ट में पूर्व मंत्री आशू के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं जिसमें उनको करीब 30 हजार वोट मिलने से वह दूसरे स्थान पर रहे थे। बात करने पर अहबाब सिंह ग्रेवाल ने कहा कि वह कांग्रेस में शामिल नहीं होने जा रहे हैं बल्कि आज चंडीगढ़ में रूबी गिल के बुलावे पर कांग्रेस भवन में कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग के साथ चाय पीने गए थे और वह पहले भी वहां जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी छोड़कर किसी दूसरी पार्टी में जाउंगा तो पहले डिकलेयर करने के बाद ऐसा कदम उठाउंगा परंतु फिलहाल वह आप में ही हैं। भविष्य में आप को छोड़ने का कोई चांस होने बारे पूछने पर ग्रेवाल ने बात को घुमाते हुए इतना ही कहा कि चांस तो उनको आप की ओर से लोकसभा चुनाव की टिकट मिलने के भी थे लेकिन नहीं मिली। ग्रेवाल की इस बात से साफ संकेत हैं कि आप की ओर से टिकट न दिए जाने के कारण उनमें नाराजगी तो जरूर है।

 अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Recommended News

Related News