धोखाधड़ी, चोरी व एन.डी.पी.एस. एक्ट में घोषित भगौड़ा गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Jul 22, 2018 - 05:05 PM (IST)

अमृतसर(संजीव): धोखाधड़ी, चोरी व एन.डी.पी.एस. एक्ट के आपराधिक मामलों में जिले के विभिन्न थानों द्वारा नामजद किए गए जमजीत सिंह रोकी निवासी सूरज मोहल्ला नजदीक रामबाग को आज पी.ओ. विंग ने लुधियाना से गिरफ्तार किया है।
जमजीत सिंह 2009 से पुलिस का वांछित चल रहा था, जिसके विरुद्ध थाना रामबाग, थाना सी-डिवीजन व थाना सिविल लाइन में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अदालत द्वारा उसे भगौड़ा घोषित कर दिया गया था और वह पुलिस से बचने के लिए प्रीतम कालोनी लुधियाना में चला गया।
यह खुलासा आज पी.ओ. विंग के इंचार्ज ए.एस.आई. हरीश कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी लुधियाना में है जिस पर आज एक विशेष टीम के साथ छापामारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। आज गिरफ्तार किए गए उक्त भगौड़े की थाना मजीठा रोड
में गिरफ्तारी डाल कर अदालत की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।