भोगपुर-जालंधर हाईवे पर हादसा, कंडक्टर की मौ+त
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 11:37 AM (IST)
जालंधर (सोनू): भोगपुर से जालंधर जाने वाले हाईवे पर काला बकरा रोड के पास सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से आ रहे बजरी से लदे टिप्पर ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक पठानकोट से जालंधर की ओर जा रहा था। काला बकरा के पास ट्रक का टायर फट गया, जिसके बाद चालक ने सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर टायर बदलना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से आ रहे बजरी से लदे टिप्पर ने खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क के बीच में फंस गए, जिससे हाईवे पर जाम लग गया और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। राहगीरों ने तुरंत हादसे की सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स को दी। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और थाना काला बकरा की पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मंजीत कुमार ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक घायल है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

