लुधियाना में तेज रफ्तार का कहर, कैंटर ने बाइक को मारी टक्कर, चाचा-भतीजा गंभीर घायल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 09:00 AM (IST)

लुधियाना (राज): गांव रतनगढ़ के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहे एक कैंटर चालक ने मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मोटरसाइकिल सवार चाचा और उसका 17 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनका मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक अपना कैंटर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने अमरीक सिंह की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 10 अगस्त को वह अपने रिश्ते के भतीजे चरणजीत सिंह (उम्र करीब 17 वर्ष) को एलर्जी की दवा दिलवाने के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिविल अस्पताल कूमकलां जा रहा था। जैसे ही वे मोटरसाइकिल पर गांव रतनगढ़ क्रॉस कर रहे थे, तभी कूमकलां साइड की तरफ से आ रहे एक कैंटर के अज्ञात चालक ने अपने वाहन को अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए उनके मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिकायतकर्ता और उसका भतीजा चरणजीत सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में उनके मोटरसाइकिल का भी काफी नुकसान हुआ। वारदात के तुरंत बाद आरोपी चालक अपना कैंटर मौके पर ही छोड़कर भाग खड़ा हुआ। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कैंटर और मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया। शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर पुलिस ने कैंटर नंबर PB13BQ-4650 के अज्ञात चालक के खिलाफ तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और गंभीर चोटें पहुंचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कैंटर के पंजीकरण नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News