लुधियाना में मामूली टक्कर के बाद बवाल, बोनट पर लटके युवक को 500 मीटर तक घसीटती गई क्रेटा
punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 07:12 PM (IST)
लुधियाना: लुधियाना के हरगोबिंद नगर में क्रेटा कार और ई-रिक्शा के बीच हुई मामूली टक्कर ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी मारपीट और ईंट-पत्थर चलने तक पहुंच गई। घटना के दौरान कार चालक ने भीड़ से बचने के लिए गाड़ी आगे बढ़ा दी, लेकिन एक व्यक्ति कार के बोनट पर लटक गया। आरोप है कि चालक उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने क्रेटा कार में जमकर तोड़फोड़ की।
जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार में एक परिवार सवार था, जबकि ई-रिक्शा में चालक के साथ एक सवारी मौजूद थी। दोनों वाहनों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कहासुनी ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया।
आरोप है कि कुछ लोगों ने कार चालक को घेरकर उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की। इस दौरान चालक ने वहां से निकलने के लिए कार आगे बढ़ा दी। इसी बीच एक व्यक्ति बोनट पर लटक गया और कार उसे काफी दूर तक घसीटती चली गई। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क गया और भीड़ ने कार को निशाना बनाते हुए उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने की भी सूचना है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मामूली सड़क हादसे के बाद पैदा हुए तनाव और हिंसक स्थिति को लेकर चर्चा हो रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर होने वाले छोटे विवादों के गंभीर रूप लेने का मामला सामने ला दिया है।

