पुलिस को देखते ही तस्करों ने दौड़ाई स्कॉर्पियो, सीमेंट का पिल्लर घसीटते हुए भागे
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 09:11 AM (IST)
लुधियाना (राज) : न्यू कुंदनपुरी इलाके में मंगलवार शाम उस समय भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब नशा तस्करों को दबोचने पहुंची पुलिस टीम पर तस्करों ने कार चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देखते ही स्कॉर्पियो सवार तस्करों ने फिल्मी स्टाइल में तेज रफ्तार गाड़ी दौड़ा दी। इस दौरान कार की चपेट में आने से एक पुलिस मुलाजिम घायल हो गया, जबकि भागते समय गाड़ी एक भारी-भरकम पिल्लर को भी काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन तस्कर चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने मौके से तस्करों की 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जानकारी के मुताबिक, न्यू कुंदनपुरी इलाके में जहां मच्छी मार्केट लगती है, वहां रेलवे फाटक और पुली के समीप स्थित एक खाली प्लॉट में पिछले 4-5 दिनों से सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार में नशा सप्लाई किया जा रहा था। तस्कर का घर भी घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है। तस्कर पहले से पूरी तरह सतर्क थे और गाड़ी को बाहर की तरफ मोडक़र रखते थे ताकि खतरा भांपते ही भागा जा सके। वे छोटे-छोटे पैकेट बनाकर आने वाले ग्राहकों को नशा बेच रहे थे।
बोगस ग्राहक बनकर आई इनोवा, वर्दी देखते ही तस्करों ने दौड़ा दी कार :
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेड से ठीक पहले एक इनोवा कार में सवार होकर एक व्यक्ति नशा खरीदने के बहाने आया और पैकेट लेकर चला गया। इसके करीब 10 मिनट बाद वही इनोवा कार दोबारा पहुंची, जिसमें एक वर्दीधारी और बाकी सादी वर्दी में पुलिस मुलाजिम सवार थे। जैसे ही पुलिस टीम ने प्लॉट की घेराबंदी कर तस्करों को पकडऩे की कोशिश की, वर्दी देखते ही तस्करों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत स्कॉर्पियो स्टार्ट कर अंधाधुंध रफ्तार में भगा ली। भागने की हड़बड़ाहट में कार से एक पुलिस मुलाजिम को जोरदार टक्कर लगी, जिससे वह नीचे गिरकर घायल हो गया। इसके बावजूद तस्करों ने गाड़ी नहीं रोकी। रास्ते में आया एक भारी सीमेंट का पिल्लर भी गाड़ी में फंसकर काफी दूर तक घिसटता चला गया।
घायल मुलाजिम अस्पताल में दाखिल, दो बाइक जब्त :
पुलिस टीम ने तस्करों की गाड़ी का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन संकरी गलियों और तेज रफ्तार का फायदा उठाकर आरोपी आंखों से ओझल हो गए। मौके पर मौजूद टीम ने घायल साथी मुलाजिम को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया। इसके बाद पुलिस टीम प्लॉट में खड़ी तस्करों की दो बाइकें अपने साथ ले गई।
चौकी पुलिस को भनक तक नहीं, एसएचओ बोले— करवाएंगे जांच
हैरानी की बात यह रही कि यह पूरी सनसनीखेज वारदात थाना डिवीजन नंबर-8 के अधीन आती कैलाश पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में घटित हुई, लेकिन स्थानीय चौकी को इसकी कानों-कान खबर तक नहीं लगी। इस संबंध में जब थाना डिवीजन नंबर-8 के प्रभारी इंस्पेक्टर अमृतपाल से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि उनके ध्यान में अभी ऐसा कोई मामला नहीं आया है। वह तुरंत मामले की पड़ताल करवाएंगे और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

