जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर पानी भरने के कारण बड़ा हादसा, 16 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौ;त
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 01:22 PM (IST)
पठानकोट (आदित्य): जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित सुजानपुर पुल नंबर-3 के समीप लंबे समय से बने जलभराव ने एक और परिवार का चिराग बुझा दिया। बीते दिन सुबह करीब 10 बजे सड़क पर घुटनों तक भरे पानी के बीच से गुजरते समय एक 16 वर्षीय निहंग सिंह युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि पानी से बचने के प्रयास में उसकी बाइक असंतुलित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों, स्थानीय लोगों, निहंग सिंह संगठनों और क्षेत्रवासियों में भारी रोष फैल गया।
लोगों ने जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पुल नंबर-3 के समीप चक्का जाम कर प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले कई वर्षों से इस स्थान पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण बरसात के दौरान हाईवे पर पानी भर जाता है और यातायात प्रभावित होता है। उनका कहना था कि इसी लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पुल नंबर-3 के नीचे स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था बनाई जाए, हाईवे पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा और न्याय देने की भी मांग की गई।
वहीं मौके पर पहुंचे थाना सुजानपुर प्रभारी अरुण कुमार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। वहीं प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग पुल नंबर-3 के नीचे जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त किया जाएं ताकि जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर दोनों ओर से यातायात सुचारु रूप से चल सके। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने भरोसा दिलाया है कि वे अगले दिन जिला उपायुक्त को अपना मांग पत्र सौंपेंगे, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया जाएगा। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर सुजानपुर पुल नंबर-3 के समीप जलभराव की समस्या और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में भी ऐसे हादसे दोहराए जा सकते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

