भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन, पंजाब विजिलेंस के शिकंजे में ASI

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2024 - 03:48 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के दौरान बुधवार को थाना समराला में तैनात रहा सहायक सब इंस्पेक्टर (ए.एस.आई.) सिकंदर राज को 18,000 रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। थाना दोराहा जिला लुधियाना के पुलिस स्टेशन में तैनात है।
 
विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला सेक्टर 32-ए, चंडीगढ़ रोड, लुधियाना के निवासी रविंदर सिंह की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने बयान दर्ज करवाया था कि 13 मार्च 2021 को उसका ड्राइवर राजदीप सिंह निवासी खडूर साहिब, तरनतारन, जिला तरनतारन और हेल्पर बिरजू, निवासी संजय गांधी कॉलोनी, लुधियाना नजदीक नीलो पुल समराला में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए थे।  उस दिन थाना समराला से ए.एस.आई. सिकंदर राज अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को थाने ले गये।

इसके बाद ए.एस.आई. सिकंदर राज ने शिकायतकर्ता से उसके ड्राइवर को जमानत देने, उसके वाहन में लदे सामान को छुड़ाने और उसके ड्राइवर के खिलाफ दर्ज दुर्घटना मामले से बरी करने के बदले में 20,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। अंतत: सौदा 18 हजार रुपये में तय हुआ। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने उक्त पुलिसकर्मी द्वारा रिश्वत मांगने के संबंध में हुई बातचीत को रिकार्ड कर सबूत के तौर पर विजिलेंस ब्यूरो को सौंप दी।  

प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान शिकायत में लगाये गये आरोप सत्य एवं सही पाये गये। इसके बाद थाना दोराहा में तैनात ए.एस.आई. सिकंदर राज के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उक्त आरोपी को ब्यूरो की लुधियाना रेंज टीम द्वारा आज दोराहा से गिरफ्तार कर लिया गया और कल अदालत में पेश किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News