जालंधर ग्रेनेड Attack Case: पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी पर NIA का बड़ा एक्शन

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 01:48 PM (IST)

पंजाब डेस्क : जालंधर के इन्फ्लुएंसर नवदीप सिंह (उर्फ रोजर संधू) के घर पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले NIA कोर्ट ने सख्त एक्शन लिया है। जानकारी के मुताबिक, मोहाली की स्पेशल NIA कोर्ट ने ग्रेनेड हमले के मामले में पाकिस्तानी आतंकवादी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शहजाद भट्टी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। कोर्ट का मानना है कि, आरोपी लगातार फरार है और उसके खिलाफ पंजाब के अलग-अलग थानों में आतंकवाद, आपराधिक साजिश और गैर-कानूनी गतिविधियों से जुड़े 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं NIA के इनपुट के अनुसार शहजाद भट्टी ब्राजील में छिपा हुआ है।

NIA जांच में बड़े खुलासे

NIA की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। शहजाद भट्टी पाकिस्तानी मोबाइल नंबर से एक व्हाट्सएप ग्रुप चला रहा था, जिसमें कई भारतीय नंबर भी जुड़े हुए थे। इसी ग्रुप के जरिए हमले की योजना बनाई गई थी। भट्टी अभी ब्राजील में छिपा हुआ है और वहीं से भारत-विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। 

पूरा मामला

आपको बता दें कि, 16 मार्च 2025 को जालंधर के थाना मकसूदां क्षेत्र में इन्फ्लुएंसर नवदीप सिंह उर्फ रॉजर संधू के घर की बालकनी में एक संदिग्ध धातु की वस्तु मिली थी, जिसकी जांच करने पर वह हैंड ग्रेनेड निकली। इस मामले की शुरुआती जांच पंजाब पुलिस ने की थी, जिसमें सामने आया कि पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी ने टिकटॉक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के जरिए नवदीप संधू पर लाइव स्ट्रीमिंग और ऑनलाइन गिफ्टिंग के माध्यम से पैसे देने का दबाव बनाया। इनकार करने पर उसने अपने भारतीय नेटवर्क के जरिए ग्रेनेड हमला कराने की साजिश रची। 

जानें क्या है गैर-जमानती वारंट (NBW)

नॉन बेलेबल वारंट (NBW) यानी कि गैर-जमानती वारंट ऐसा गिरफ्तारी वारंट है, जिसे कोर्ट द्वारा तब जारी किया जाता है जब कोई आरोपी लगातार फरार होता है। या फिर कहे तो कोर्ट में भी पेश नहीं होता। यह एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। आरोपी की गिरफ्तारी तक ये वारेंट वैलिड रहता है। इसके साथ ही आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने और उसे विदेश से भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News