PM मोदी के जालंधर दौरे से पंजाब को विकास की बड़ी सौगात मिलेगी : तरुण चुग

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 11:10 PM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कल जालंधर दौरा पंजाब के विकास, विरासत और आध्यात्मिक चेतना को नई गति देने वाला ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह दौरा पंजाब के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष स्नेह, प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व का एक और प्रमाण है।

चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा पंजाब और पंजाबियत को सम्मान दिया है। पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पंजाब को विकास, बुनियादी ढांचे, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में अभूतपूर्व लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कल ₹5,470 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और नई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं, जो पंजाब में संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेंगी, रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देंगी।

चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सिख इतिहास, परंपराओं और आस्था के सम्मान में अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। श्री हरमंदिर साहिब के लंगर को कर राहत सुनिश्चित करने के लिए एफसीआरए पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई, जबकि दशकों पुरानी मांग को पूरा करते हुए करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोला गया, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को गुरु घर के दर्शन का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व और श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को भारत ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर अभूतपूर्व गरिमा के साथ मनाया गया। इससे सिख गुरुओं का सार्वभौमिक संदेश वैश्विक स्तर पर पहुंचा।

चुग ने कहा कि वीर बाल दिवस की घोषणा साहिबज़ादों के अद्वितीय बलिदान को राष्ट्र की सामूहिक स्मृति में स्थायी स्थान देने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। इससे आने वाली पीढ़ियां साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा प्राप्त करती रहेंगी।

उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग स्मारक का पुनर्विकास, संकट के समय अफगान सिखों की सहायता, पाकिस्तान में सिख समुदाय के प्रति संवेदनशीलता, जम्मू-कश्मीर में सिखों के अधिकारों की सुरक्षा तथा सिख युवाओं के सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदम मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।

प्रधानमंत्री की यात्रा का उल्लेख करते हुए चुग ने कहा कि वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली के लिए नई रेल संपर्क सुविधा पंजाब के लाखों श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को आसान बनाएगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे तथा व्यापार, उद्योग और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कल का दौरा केवल परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं, बल्कि विकसित पंजाब और विकसित भारत के साझा संकल्प को और मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News