दिल्ली के बाद राज्यसभा की 55 सीटों पर कांग्रेस व भाजपा के मध्य होगा अब घमासान

punjabkesari.in Sunday, Feb 09, 2020 - 09:39 AM (IST)

जालंधर(धवन): दिल्ली में विधानसभा के चुनाव आज सम्पन्न हो जाने के बाद अब अप्रैल महीने में राज्यसभा की 55 सीटों पर कांग्रेस तथा भाजपा के मध्य सीधा घमासान होने के आसार बन गए हैं। 20 प्रतिशत सीटों पर तो सीधे चुनाव की नौबत आ रही है। 

चुनावी आंकड़ों के अनुसार इन 55 सीटों में से 18 सांसद इस समय भाजपा से तो 11 सांसद कांग्रेस से संबंध रखते हैं, जबकि शेष सीटें अन्य पार्टियों के पास हैं। महाराष्ट्र में इस समय शिवसेना, एन.सी.पी. तथा कांग्रेस गठबंधन सरकार है। महाराष्ट्र में खाली होने वाली राज्यसभा सीटों की गिनती सबसे अधिक 7 बताई जा रही है। महाराष्ट्र में इस समय राज्यसभा के दो सांसद भाजपा, 2 एन.सी.पी., एक कांग्रेस तथा एक शिवसेना का है, जबकि एक निर्दलीय सांसद बताया जा रहा है। अब चूंकि महाराष्ट्र में राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं, इसलिए गठबंधन द्वारा अपने अधिक से अधिक उम्मीदवारों को जिताने की कोशिश की जाएगी। 

तमिलनाडु में 6 सीटें खाली होनी हैं, जिनमें से 4 ए.आई.डी.एम.के. तथा 1-1 डी.एम.के. तथा सी.पी.एम. से संबंध रखती हैं। डी.एम.के. द्वारा एक सीट आसानी से जीत ली जाएगी तथा दूसरी सीट पर अगर सी.पी.एम. ने डी.एम.के. से बातचीत न की तो वह दूसरी सीट भी जीतने की स्थिति में आ सकती है। पश्चिम बंगाल में 5 सीटें खाली होनी हैं तथा इन पांचों सीटों पर टी.एम.सी. की जीत निश्चित है। बिहार में 5 सीटें खाली होनी हैं, जिसमें से इस समय 3 सीटें जे.डी.यू. तथा 2 भाजपा के पास हैं। बदली परिस्थितियों में भाजपा तथा जे.डी.यू. एक-एक सीट यू.पी.ए. से गंवा सकती हैं। यू.पी.ए. में इस समय आर.जे.डी., कांग्रेस, आर.एल.एस.पी. तथा एच.ए.एम. शामिल हैं। आर.जे.डी. पूर्व मुख्यमंत्री रावड़ी देवी को राज्यसभा में भेजना चाहती है, जबकि दूसरी सीट अन्य पार्टी नेता को जा सकती है। 

आंध्र प्रदेश में वाई.एस.आर. कांग्रेस द्वारा सभी 4 सीटें जीत लिए जाने के आसार हैं। गुजरात में 4 सीटों पर भाजपा तथा कांग्रेस के मध्य मुकाबला होगा। इस समय कांग्रेस एक सीट जीतने के प्रति यकीनी है जबकि एक अन्य सीट पर वह भाजपा के साथ दो-दो हाथ करेगी। झारखंड में जे.एम.एम. द्वारा एक सीट पर शिबु सोरेन को उतारे जाने के आसार हैं, जबकि दूसरी सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस को दो अन्य वोटों की जरूरत पड़ेगी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस द्वारा दिग्विजय सिंह को राज्यसभा में लाने के लिए फिर से हरी झंडी दिए जाने के आसार हैं जबकि दूसरी सीट वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को दी जा सकती है। भाजपा एक सीट जीतने के प्रति आशावान है, जबकि अन्य सीटें कांग्रेस के पाले में जाएंगी। छत्तीसगढ़ में खाली होने वाली दोनों सीटें कांग्रेस आसानी से जीतने की स्थिति में है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News