बरनाला में अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने कांग्रेस के खिलाफ की जोरदार नारेबाजी, सुखजिंदर रंधावा का फूंका पुतला
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 02:54 PM (IST)
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): शिरोमणि अकाली दल वारिस पंजाब की ओर से आज स्थानीय कचहरी चौक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के विरुद्ध तीखा रोष प्रदर्शन किया गया। हल्का इंचार्ज एडवोकेट गुरविंदर सिंह गिंदी के नेतृत्व में एकत्र हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने रंधावा का पुतला फूंका और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
कांग्रेस का चेहरा हुआ बेनकाब: एडवोकेट गिंदी
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हल्का इंचार्ज एडवोकेट गुरविंदर सिंह गिंदी ने कहा कि हमारी पार्टी हमेशा हिंदू-सिख एकता और भाईचारे की बात करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेसी नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा द्वारा भाई अमृतपाल सिंह की एनएसए हटाने के विरोध में जो बयानबाजी की गई है, उससे कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। गिंदी ने कहा कि पहले कांग्रेसी कहते थे कि यह कार्रवाई राज्य और केंद्र सरकार ने की है, लेकिन अब उनके अपने बयानों ने साबित कर दिया है कि वे अंदर से क्या चाहते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ‘बांटो और राज करो’ की नीति अपनाकर पंजाब को विभाजित करने की कोशिश की है। अब कांग्रेसियों को डर सता रहा है कि चुनाव में कहीं भाई अमृतपाल सिंह के समर्थकों का प्रभाव न बढ़ जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी संविधान के दायरे में रहकर चुनाव लड़ती है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास रखती है।
इस रोष प्रदर्शन के दौरान महासचिव सुखविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, भगवंत सिंह शुतराणा, गुरमेल सिंह संधू पत्ती, पूरण सिंह, बूटा सिंह, भोला सिंह सहोता, रणजीत सिंह, अवतार सिंह, जगदीप सिंह और सुरजीत सिंह ऑस्ट्रेलिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी नकारात्मक बयानबाजी बंद न हुई तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

