कांग्रेस में वापसी की अटकलों के बीच दिल्ली पहुंचे कैप्टन, शाह-नड्डा संग हुई अहम बैठक
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 08:23 PM (IST)
पंजाब डैस्क : पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के वरिष्ठ नेता जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। इस मुलाकात के साथ ही उन तमाम अटकलों पर भी विराम लग गया है, जिसमें उनके कांग्रेस में लौटने की चर्चा चल रही थी। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को 2027 विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में भाजपा की रणनीति और संगठन विस्तार के लिए अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कैप्टन ने पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, भाजपा के जनाधार को मजबूत करने और पार्टी के सामने मौजूद चुनौतियों को लेकर अपने अनुभव साझा किए। खास बात यह रही कि उन्होंने कांग्रेस में वापसी की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया और भाजपा नेतृत्व के साथ अपनी सक्रिय भूमिका का संकेत दिया।
कैप्टन ने बताया कि यह मुलाकात पहले से तय थी। उन्होंने कहा, “मैंने अमित शाह से मिलने का समय मांगा था और उन्होंने तुरंत समय दे दिया। हमारी पंजाब से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।” जब उनसे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर संभावित गठबंधन और चुनावी रणनीति पर चर्चा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि गठबंधन पर बात करना अभी जल्दबाजी होगी।

