पंजाब में एक और कबड्डी खिलाड़ी का मौत, कभी अखाड़े में उतरते ही बरसते थे नोट

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 07:58 PM (IST)

फरीदकोट : फरीदकोट से दुखद खबर सामने आई है। पंजाब के नामी अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सुखजिंदर सिंह उर्फ सुखा बीहलेवाला का निधन हो गया। वह लंबे समय से लीवर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन से परिवार और खेल जगत में शोक की लहर है।

सुखा बीहलेवाला कभी कबड्डी कोच गुरदीप सिंह मल्ल्ही के पसंदीदा खिलाड़ियों में शामिल रहे थे। गांववासियों के अनुसार, एक समय ऐसा था जब पंजाब के ग्रामीण खेल मेलों में उनका नाम खूब चलता था और उनकी रेड पर नोटों की बारिश होती थी। उन्होंने आसपास के गांवों के कई युवाओं को भी कबड्डी से जोड़ा और उन्हें खेल के लिए प्रोत्साहित किया।

बीमारी के कारण उनका खेल छूट गया और महंगे इलाज ने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी बेहद कमजोर कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक उनकी पत्नी भी बाद में उनका साथ छोड़कर चली गईं। घर में उनकी बुजुर्ग और बीमार मां तथा दो छोटे बच्चे रह गए हैं। बच्चों की उम्र करीब 6 और 5 साल बताई गई है।

सुखा की मां मनजीत कौर ने बताया कि उनका बेटा स्कूल के समय से ही कबड्डी खेलने लगा था। कम समय में ही उसने इलाके के खेल मेलों में अपनी पहचान बना ली थी और आसपास के युवाओं को भी कबड्डी खेलने के लिए प्रेरित करता था। उन्होंने बताया कि लीवर की बीमारी के इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई, लेकिन बेटे को बचाया नहीं जा सका।

अब परिवार में कमाने वाला कोई नहीं है। मां खुद भी बीमार रहती हैं और उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं। उन्होंने सरकार, समाजसेवी संस्थाओं और कबड्डी क्लबों से परिवार की आर्थिक मदद करने तथा दोनों बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor