सास की हत्या करने वाली बहू आशिक सहित गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 31, 2018 - 10:24 PM (IST)

अमृतसर(संजीव): अढ़ाई लाख रुपए की सुपारी देकर अपने आशिक व एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर अपनी ही सास की हत्या करने वाली उसकी बहू शगुनप्रीत कौर निवासी गांव बुट्टर सिविया को आज मेहता की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शगुनप्रीत के आशिक सतनाम सिंह को देर सायं काबू कर लिया। फिलहाल इस हत्या के मामले में नामजद तीसरा आरोपी जसबीर सिंह पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। पुलिस ने मरने वाली राजविन्द्र कौर की बेटी कुलदीप कौर निवासी ऑस्ट्रेलिया की शिकायत पर उक्त तीनों आरोपियों शगुनप्रीत कौर, उसके आशिक सतनाम सिंह व उनके साथी जसबीर सिंह के विरुद्ध हत्या व शव खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज किया है। 

कैसे हुआ हत्या का खुलासा  
गांव बुट्टर सिविया की रहने वाली राजविन्द्र कौर की बहू शगुनप्रीत कौर के उक्त आरोपी सतनाम सिंह के साथ अवैध संबंध चल रहे थे, जिसमें उसकी सास राजविन्द्र सिंह आड़े आ रही थी। शगुनप्रीत व उसके आशिक सतनाम सिंह ने मिलकर राजविन्द्र कौर को मरवाने की योजना बनवाई जिसके लिए उन्होंने गांव के ही जसबीर सिंह को चुना और उसे अढ़ाई लाख रुपए सुपारी देने का वायदा कर लिया। राजविन्द्र कौर की हत्या के बाद जब उन्होंने जसबीर सिंह को पैसे देने से इंकार कर दिया तो उसने इसका खुलासा गांव में कुछ लोगों के आगे कर दिया। जब यह बात राजविन्द्र कौर की बेटी कुलदीप कौर जो 2 वर्ष बाद ऑस्ट्रेलिया से भारत आई थी, को पता चली तो उसने इस मामले को पुलिस के आगे रखा और जांच दौरान यह साफ हो गया कि राजविन्द्र कौर की कुदरती मौत नहीं बल्कि उसकी हत्या की गई है। 

क्या था पूरा मामला?
मरने वाली राजविन्द्र कौर की बेटी कुलदीप कौर निवासी ऑस्ट्रेलिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह 2008 में हुआ था, जिसके बाद वह अपने पति के साथ आस्ट्रेलिया चली गई थी। उक्त आरोपी शगुनप्रीत कौर रिश्ते में उसकी भाभी लगती है, जिसका विवाह उसके भाई सर्बजीत सिंह के साथ हुआ था। 2015 में उसके भाई सर्बजीत सिंह की अचानक मौत हो जाने के बाद शगुनप्रीत के उक्त आरोपी सतनाम सिंह के साथ अवैध संबंध स्थापित हो गए थे। जिनके बारे में न तो उसे पता था और न ही घर में किसी को भनक थी। 29 अक्तूबर 2016 को उसकी भाभी शगुनप्रीत कौर ने उसे आॉस्ट्रेलिया में फोन किया और बताया कि माता जी की शुगर कम हो जाने के कारण अचानक उनकी मौत हो गई है। 

अपनी माता की मौत के समय वह गर्भवती थी, जिस कारण वह उनके अंतिम सस्कार के लिए भारत नहीं आ सकी। अपनी मां व भाई की मौत के बाद अब न तो भारत आने का उसका मन था और न ही वह अपनी भाभी के साथ कोई ज्यादा संपर्क रखती थी। कुछ दिन पहले उसे गांव से ही फोन पर जानकारी मिली कि उसकी माता राजविन्द्र कौर की मौत अचानक नहीं बल्कि साजिशन उसकी हत्या की गई थी। जिस पर वह तुरंत भारत पहुंची और इसके बारे में पुलिस को सूचित किया। उसकी सूचना पर जब पुलिस ने शगुनप्रीत व उसके आशिक सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मामले की आगे जांच शुरू कर दी है और जल्द ही तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Vaneet