खेतों में पानी लगाने गए किसान पर जानलेवा हमला, कान पर पिस्तौल रख दी धमकी, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 11:15 AM (IST)

लुधियाना (राज): खेतों में पानी लगाने गए एक व्यक्ति पर हथियारों से लैस हमलावरों द्वारा जानलेवा हमला करने और कान पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल सवार होकर पहुंचे आरोपियों ने न केवल पीड़ित की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि अवैध हथियारों का खौफ दिखाकर उसे सरेआम आतंकित भी किया। सतनाम सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में शिकायतकर्ता सतनाम ने बताया कि 30 अगस्त की सुबह करीब 9:00 बजे वह अपने खेत में पानी वाली मोटर पर मौजूद था और कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान आरोपी अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तेजी से वहां पहुंचे। हमलावरों में गुरप्रीत सिंह और सुरजीत सिंह के हाथों में अवैध पिस्तौल थी, जबकि उनके तीसरे साथी तरनप्रीत सिंह ने हाथ में धारदार किरच पकड़ रखी थी।आरोपियों ने खेत की मोटर पर पहुंचते ही उसे चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने आते ही गाली-गलौज करते हुए मुद्दई के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे बुरी तरह पीटा। इसी बीच आरोपी गुरप्रीत सिंह ने अपनी पिस्तौल सीधे मुद्दई के कान पर सटा दी और बेहद आक्रामक लहजे में जान से खत्म करने की सीधी धमकी दी। हथियारबंद आरोपियों के खौफ और शोर-शराबा होने के बाद हमलावर अपनी बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस प्रशासन को इस घटना की लिखित शिकायत देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुद्दई के बयानों के आधार पर नामजद आरोपियों गुरप्रीत सिंह, सुरजीत सिंह और तरनप्रीत सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला करने, मारपीट, आपराधिक धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं ताकि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल व किरच बरामद की जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News