कोर्ट का समन देने पहुंचे प्रोसेस सर्वर पर हमला, 3 युवकों मिलकर जड़े थप्पड़... दी जान से मारने की धमकी

punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 12:02 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में सरकारी ड्यूटी पर तैनात न्यायिक कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला फ्रेंड्स कॉलोनी, चंदर नगर का सामने आया है, जहां जिला कचहरी (सेशन कोर्ट) से जारी अदालत का समन तामील करवाने पहुंचे एक प्रोसेस सर्वर के साथ सरेआम गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। समन तामील का विरोध करते हुए आरोपी युवक और उसके 2 अज्ञात साथियों ने मुलाजिम का कॉलर पकड़ लिया, चेहरे पर ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाए और जान से मारने की धमकियां दीं। पीड़ित कर्मचारी के बयानों पर पुलिस ने आरोपी वरुण और उसके साथियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में शिकायतकर्ता गुरमीत सिंह ने बताया कि वह जिला कचहरी लुधियाना में बतौर प्रोसेस सर्वर अपनी सेवाएं दे रहा है। 30 सितंबर को वह अदालत से जारी समन नंबर CS/981/2025 (कैनरा बैंक बनाम किरणा पत्नी सुभाष चंदर) को तामील करवाने के लिए दिए गए पते-मकान नंबर 34-2400/20, गली नंबर 2, फ्रेंड्स कॉलोनी, चंदर नगर, लुधियाना पर पहुंचा था। वहां पहुंचकर जब उसने किरणा नामक महिला के संबंध में पूछताछ की, तो घर पर एक बुजुर्ग महिला मौजूद मिली। बुजुर्ग महिला ने उससे कहा कि वह अनपढ़ है और पढ़ना-लिखना नहीं जानती। महिला ने उससे आग्रह किया कि वह 2 मिनट अंदर बैठ जाए, उसका बेटा बाहर से आ रहा है जो समन की पूरी जानकारी दे देगा और कागजात पर हस्ताक्षर कर देगा। अभी घर के भीतर बैठा ही था कि एक युवक अंदर दाखिल हुआ। उसने अपना नाम वरुण बताया और प्रोसेस सर्वर को देखते ही बेहद तल्ख और गुस्से भरे लहजे में बोला, "तू कौन है? अपना आई-कार्ड दिखा।" जैसे ही वह अपनी जेब से आधिकारिक सरकारी आई-कार्ड (पहचान पत्र) निकालने लगा, आरोपी वरुण बिना किसी वजह के उग्र हो गया और उसने गंदी-गंदी गालियां बकनी शुरू कर दीं।

जब कर्मचारी ने गाली-गलौज का विरोध किया और अपनी सरकारी ड्यूटी का हवाला दिया, तो वरुण ने तैश में आकर उसका गला पकड़ लिया और उसके चेहरे व मुंह पर ताबड़तोड़ थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। इसी दौरान वरुण की आवाज सुनकर उसके 2 अन्य अज्ञात युवक साथी भी वहां आ धमके। तीनों आरोपियों ने मिलकर न्यायिक मुलाजिम को बुरी तरह पीटा और समन तामील करने पर गंभीर परिणाम भुगतने व जान से खत्म करने की धमकियां दीं। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर निकले प्रोसेस सर्वर ने तुरंत मामले की सूचना अदालत के उच्चाधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायिक मुलाजिम के साथ ड्यूटी के दौरान हुई मारपीट और सरकारी काम में विघ्न डालने के मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपी वरुण और उसके 2 अज्ञात साथियों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, ड्यूटी में बाधा डालने, मारपीट और धमकियां देने से संबंधित कानूनी धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News