NRI की जमीन पर कब्जे की कोशिश, कोर्ट से जीत के बाद भी नहीं मिला इंसाफ
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 04:50 PM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन): लुधियाना के सलेम टाबरी क्षेत्र में एक NRI की जमीन को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। जानकारी के अनुसार जालंधर जिले के निवासी सरदारी लाल ने वर्ष 1994 में न्यू आकाश नगर, सलेम टाबरी में एक प्लॉट खरीदा था, जिसके सभी मूल दस्तावेज और कब्जा उनके पास होने का दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि कोरोना काल के दौरान एक व्यक्ति हरिंदर सिंह पन्नू लुधियाना आया और उक्त प्लॉट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले में पीड़ित द्वारा वर्ष 2021 में अदालत का दरवाजा खटखटाया गया, जिसके बाद 15 सितंबर 2025 को कोर्ट ने फैसला उनके हक में सुनाया।
पीड़ित का आरोप है कि विरोधी पक्ष द्वारा पासपोर्ट, चेक सहित कई दस्तावेज फर्जी तरीके से तैयार किए गए हैं। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर कार्यालय में भी शिकायत दी गई और लंबी जांच के बाद 5 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया गया, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
हाल ही में जब पीड़ित अपने प्लॉट पर पहुंचा तो आरोप है कि एक आरोपी जगमोहन सिंह ने उसके साथ गाली-गलौच की, जिसकी वीडियो भी पीड़ित के पास मौजूद है। इतना ही नहीं आरोपियों द्वारा प्लॉट के ताले तोड़ने और कब्जा करने की कोशिश भी की जा रही है, जो कि कोर्ट और कानून की खुली अवहेलना मानी जा रही है।
पीड़ित का कहना है कि वह चक्कर काट-काट कर थक चुका है, लेकिन उसे अभी तक न्याय नहीं मिल पाया। यहां तक कि स्थानीय विधायक को भी सभी सबूत दिखाए गए, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसे उसकी जमीन का पूरा हक दिलाया जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

