हाईवे पर सरेआम लूट की कोशिश, कार सवारों ने लहराई तलवारें, वीडियो वायरल

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 06:18 PM (IST)

संगरूर (विकास): संगरूर में आज सुबह-सुबह कुछ साइकिल सवारों के साथ लूटपाट की कोशिश की गई। इस दौरान एक सफेद कार में आए हमलावरों ने तलवार लहराकर साइकिल सवारों को डराने की कोशिश भी की। हालांकि लोगों के इकट्ठा होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना साइकिल सवारों के कैमरों में भी कैद हो गई।

आज सुबह चंडीगढ़-बठिंडा नैशनल हाईवे पर स्थित भाई गुरदास कॉलेज के नजदीक कुछ अज्ञात लुटेरों द्वारा साइकिलिंग कर रहे लोगों को निशाना बनाते हुए लूटपाट की कोशिश करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें कुछ व्यक्ति साइकिल चालकों को रोकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी अनुसार लुटेरे सफेद रंग की जेन कार में सवार थे। उन्होंने कार साइकिल चालकों के आगे लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की और इस दौरान कार के पीछे टकराकर एक साइकिल चालक सड़क पर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उक्त लुटेरों द्वारा एक साइकिल चालक का मोबाइल फोन छीना गया था। इसके अलावा संगरूर-घराचों रोड पर गांव बलवाड़ के नजदीक भी इन व्यक्तियों द्वारा एक अन्य राहगीर को निशाना बनाने की कोशिश की गई।

इस दौरान एक व्यक्ति पर डंडों से हमला करने की बात भी सामने आ रही है। वापसी के दौरान यह कार नाइवाला की तरफ जाती भी देखी गई। मामले संबंधी थाना सदर संगरूर के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर अवतार सिंह ने बताया कि राजकुमार निवासी संगरूर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि आरोपी फरार हो गए। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेने का दावा किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News