पंजाब में भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार भाई की मौके पर मौत, बहन की हालत गंभीर
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 07:07 PM (IST)
संगरूर (सिंगला): संगरूर के उपली चट्ठे के नजदीक एक 'छोटे हाथी' (मिनी कमर्शियल वाहन) और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक और घायल दोनों स्थानीय शहर संगरूर के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय वालिया अपनी बहन सुनीता वालिया के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी कार्य से जा रहे थे। जब वे उपली चट्ठे के पास पहुंचे, तो एक अनियंत्रित छोटे हाथी ने उनके मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल चालक विजय वालिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी बहन सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुनीता वालिया को तुरंत सिविल अस्पताल संगरूर पहुंचाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत और गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने शाम के समय उन्हें पटियाला के हायर सैंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन चालक के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

